साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने पंजाब के लुधियाना से पकड़े आरोपी
4 दिन के रिमांड पर लेकर टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शेयर बाजार में निवेश के बहाने 1.12 करोड़ रुपये की ठगी में तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में पंजाब के लुधियाना के रहने वाले अरुण कुमार, रखप्रीत सिंह और सतवंत सिंह शामिल हैं। इनसे पूछताछ में सामने आया कि सतवंत सिंह बैंक खाताधारक है। अरुण और रखप्रीत ने सतवंत सिंह से बैंक खाता लेकर ठगों को उपलब्ध कराया था। आरोपितों के पास सतवंत सिंह के हस्ताक्षर किए हुए चेक भी थे। खाते में ठगी की रकम आने पर चेक के माध्यम से रुपये निकाल कर अपना कमीशन रख बाकी रुपये ठगों के बताए गए बैंक खातों में ये जमा कराते थे।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों के दिए गए बैंक खातों में ठगी के 6 लाख रुपये आए थे। तीनों आरोपियों को 4 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम पूछताछ कर रही है।
ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत सेक्टर-16 के रहने वाले व्यक्ति ने दी थी। शिकायत में कहा गया कि ठगों ने उनसे व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर खुद को एक कंपनी का कर्मचारी बताया। फिर शेयर बाजार में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया। ठगों की बातों में आकर शिकायतकर्ता ने एप डाउनलोड की और फिर निवेश करना शुरू किया। एप के जरिये शिकायतकर्ता ने 11256000 रुपये निवेश कर दिये। जब अपनी निवेश की गई रकम रिफंड करने का प्रयास किया तो ठगों ने 50 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की। तब ठगी का अहसास हुआ और मामला पुलिस तक पहुंचा। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।