पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। थाना भूपानी पुलिस ने जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गांव तिलोरी खादर निवासी अजयपाल, अभयपाल और अमित के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता प्रिंस ने बताया कि उनके परिवार में श्रीचंद, रूपचंद और हरिचंद के बच्चों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है, जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। प्रिंस को उनके नाना श्रीचंद ने गोद लिया हुआ है लेकिन आरोपी पक्ष उसे जमीन का हिस्सा दिए जाने का विरोध कर रहा था। 15 जुलाई को आरोपियों ने श्रीचंद को खेत की जुताई करने से रोक दिया। अगले दिन 16 जुलाई की शाम आरोपी अजयपाल, अमित, सुमित और अन्य लोग प्रिंस के घर पहुंचे। जमीन के विवाद को लेकर कहासुनी बढ़ गई और आरोपियों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान घर के बाहर खड़े अभयपाल ने कथित तौर पर अवैध पिस्टल से प्रिंस पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी।
घटना के बाद थाना भूपानी में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि रिमांड के दौरान घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्यों की बरामदगी सहित मामले के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।