अभी भी ऑफलाइन रजिस्ट्री को महत्व दे रहे लोग, ऑनलाइन की संख्या काफी कम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले की सभी तहसीलों में दिसंबर के दौरान बड़ी संख्या में संपत्तियों की रजिस्ट्री की गईं। ऑनलाइन रजिस्ट्री के मामले में फरीदाबाद तहसील ने पहला स्थान हासिल किया है, जबकि बड़खल दूसरे और बल्लभगढ़ तीसरे स्थान पर रहा। हालांकि अभी ऑफलाइन रजिस्ट्री के दैनिक आंकड़ों से ऑनलाइन रजिस्ट्री की संख्या काफी कम है, लेकिन डिजिटल प्रक्रिया को लेकर लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है।
आंकड़ों के मुताबिक दिसंबर में अब तक फरीदाबाद तहसील में 827 रजिस्ट्रियां दर्ज की गईं। बड़खल में 510, बल्लभगढ़ में 482, तिगांव में 230, गौंच्छी में 147, धौज में 117, दयालपुर में 97 और मोहना तहसील में 76 रजिस्ट्रियां हुईं। अब पहले की तरह अलग सर्वर के बजाय सीधे गवर्नमेंट साइट के माध्यम से रजिस्ट्री का काम किया जा रहा है, जिससे प्रक्रिया अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनी है।
फरीदाबाद के तहसीलदार सुमेर सिंह का कहना है कि दुनिया डिजिटल हो रही है और देश में पिछले दस वर्षों में डिजिटल क्रांति आई है। सेवाओं में पारदर्शिता और तेजी लाने के लिए विज्ञान और तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। इसी क्रम में सरकार ने ऑनलाइन विधि से रजिस्ट्री की शुरुआत की। शुरुआत में लोगों को ऑनलाइन रजिस्ट्री को समझने में थोड़ा समय लगा। ऑनलाइन प्रक्रिया में जो भी कमियां थीं, उन्हें समय रहते दूर कर दिया गया है। अब यह व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है।