संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-70 स्थित आगमन सोसाइटी के ठीक पीछे एचएसआईआईडीसी क्षेत्र के पास कूड़े में अज्ञात लोगों की ओर से बार-बार आग लगाए जाने की घटनाओं से स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कूड़े में लगाई जा रही आग से उठने वाला धुआं न केवल वायु प्रदूषण बढ़ा रहा है, बल्कि सोसाइटी में रहने वाले बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों के स्वास्थ्य पर भी असर डाल रहा है।
सोसाइटी निवासी अंकित ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे लगातार जेई, एसडीओ और अन्य संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। पिछले तीन महीनों से हालात जस के तस बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर नियमों की अनदेखी कर रहे हैं और इस तरह की गतिविधियों के जरिए आम जनता की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं।
निवासियों का कहना है कि जब प्रशासन की ओर से ग्रेप के आदेश स्पष्ट रूप से लागू हैं, तब भी कूड़े में आग लगने की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रहीं हैं। निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाए और दोषियों के खिलाफ प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि क्षेत्र को प्रदूषण से राहत मिल सके।