सीसीटीवी में कैद हुई घटना, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सीएनजी पंप पर कार में पहले सीएनजी भरवाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट में दो बच्चों समेत तीन लोग घायल हो गए। थाना सेक्टर-17 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ओल्ड फरीदाबाद स्थित संत नगर निवासी नदीम ने बताया कि वह कैब चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने बताया है कि 27 जुलाई को दोपहर के समय वह अपनी कार से किसी रिश्तेदार के पास जा रहे थे। उनके साथ 15 वर्षीय बेटा सुफियान और नौ वर्षीय भतीजा अमान भी कार में थे। कार में सीएनजी भरवाने के लिए सेक्टर-20ए स्थित पंप चले गए और लाइन में लगकर इंतजार करने लगे।
कुछ समय के बाद आरोपी साजिद, आविद,जाविद, जिशान, रिहान, सिकंदर, आकाश, दीपक आदि करीब दस-12 युवक अपनी कार में सीएनजी भरवाने के लिए आए। पहले से लाइन में लगे लोगों को देखे बिना उन्होंने अपनी कार को आगे लगा दिया। उन्होंने इसका विरोध किया तो सभी ने गाली-गलौज करते हुए उनकी कार के ऊपर लाठी-डंडों, हॉकी स्टीक से हमला कर दिया और मारपीट करने लगे। मारपीट में उनके अलावा बेटा और भतीजा भी घायल हो गए। आरोपियों ने बेटे का हाथ तोड़ दिया।
घटना की सूचना पुलिस को देने की कोशिश की गई लेकिन डायल-112 पर किसी ने कॉल नहीं उठाई। वह अपने बेटे और भतीजे के साथ घायलावस्था में ही पुलिस चौकी पहुंचे। आरोप है कि वहां भी पुलिस ने कोई सहयोग नहीं किया। इसके बाद वह खुद बीके अस्पताल उपचार करवाने के लिए गए। सुफियान दसवीं कक्षा का छात्र है। साथ ही अमान तीसरी कक्षा में पढ़ता है। पुलिस ने वारदात के पांच दिन बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों द्वारा की गई मारपीट सीएनजी पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई।