संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेले में शामिल होने के लिए फरीदाबाद और बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन से 1100 से अधिक यात्रियों ने मथुरा की यात्रा की। जन्माष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने से रेलवे स्टेशनों पर खासा उत्साह देखने को मिला। यात्रियों को झेलम और उत्कल एक्सप्रेस ट्रेन की देरी के कारण असुविधा का भी सामना करना पड़ा।
ट्रेन के विलंब से कई श्रद्धालुओं की मथुरा पहुंचने की योजना प्रभावित हुई। स्थानीय रेलवे अधिकारियों के अनुसार, राजधानी ट्रेन के गुजरने या तकनीकी खराबी की वजह से झेलम और उत्कल एक्सप्रेस समय से लेट हुईं। रेलवे वाणिज्य निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर फरीदाबाद और बल्लभगढ़ स्टेशनों से टिकटों की बिक्री बढ़ी है और शनिवार को दोपहर बाद 2 बजे तक 1100 से अधिक यात्री यात्रा कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं।
उत्तर मध्य रेलवे ने मथुरा मेले के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए कई ट्रेनों का विस्तार और अस्थायी ठहराव लागू किया है। इनमें ट्रेन संख्या 14211/14212 नई दिल्ली-आगरा इंटरसिटी एक्सप्रेस, 11057/11058 सीएसएमटी-अमृतसर एक्सप्रेस, 18237/18238 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (कोरबा-अमृतसर) और 18477/18478 पुरी-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस शामिल हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से श्रद्धालुओं को मथुरा तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।