गांव का ट्रांसफार्मर खराब, ग्रामीण बोले, अधिकारी सिर्फ आश्वासन दे रहे, नहीं हुआ कोई काम
संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। गांव हीरापुर के लोग पिछले 30 घंटे से बिजली संकट से जूझ रहे हैं। गांव का ट्रांसफॉर्मर खराब हो चुका है, जिसकी वजह से बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप है। इससे ग्रामीणों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो गई है। गर्मी के कारण बच्चे भी परेशान हैं और ग्रामीणों को पशुओं के पानी से लेकर घरेलू कामकाज तक में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पुनीत कौशिक ने बताया कि बिजली विभाग को बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले 30 घंटे से विभाग के अधिकारी सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन न तो ट्रांसफॉर्मर बदला गया और न ही मरम्मत का कोई काम शुरू हुआ है। वहीं, मोनू ने कहा कि लाइनमैन केवल ट्रांसफॉर्मर देखने आते हैं और फिर वापस लौट जाते हैं। इसी तरह 30 घंटे बीत चुके हैं। घरों में अब पीने का पानी भी नहीं बचा है।
गर्मी में हो रहा है बुरा हाल
गर्मी का पारा 40 डिग्री के पार होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है। गांव के कई हिस्सों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो चुकी है। इससे लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है। स्थिति से परेशान होकर गांव के दर्जनों लोग सोमवार को छांयसा स्थित बिजली विभाग कार्यालय पहुंचे और एसडीओ से मुलाकात की। ग्रामीणों ने अपनी समस्या रखी और जल्द समाधान की मांग की। अधिकारियों ने उन्हें एक बार फिर जल्द ट्रांसफॉर्मर बदलने का आश्वासन दिया।