फरीदाबाद। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बीते 24 घंटों में किसी कोरोना संक्रमित मामले की पुष्टि नहीं की गई है। हालांकि, एक दिन पूर्व ही जिले में अचानक पांच मामले सामने आए थे। यह सभी मामले एक ही परिवार से संबंधित थे। वहीं, सोमवार को एक बार फिर संक्रमण के मामलों पर ब्रेक लग गया। बीते 24 घंटों में दो मरीज कोरोना को मात देकर स्वस्थ हुए हैं।
जिले में अब तक 99836 कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई है। इसमें से 99109 मरीज स्वस्थ हुए हैं। वहीं, 716 कोरोना संक्रमितों की अब तक मौत हो चुकी है। मौजूदा समय में जिले में 11 मामले उपचाराधीन हैं। इनमें से एक मरीज अस्पताल में भर्ती है। वहीं, 10 को होम आइसोलेशन में रखा गया है। राहत की बात है कि फिलहाल कोई मरीज कोरोना के कारण ऑक्सीजन या वेंटिलेटर सपोर्ट पर नहीं है। कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि जिले में कोरोना की रिकवरी दर 99 प्रतिशत है। सोमवार को 3210 नए सैंपल लिए गए हैं, अभी 876 सैंपल की रिपोर्ट लंबित है।