बल्लभगढ़। आदर्श नगर चौकी क्षेत्र के ऊंचा गांव वार्ड-39 में एक घर में देर रात चोरी होने का मामला सामने आया है। चोर घर से सोने-चांदी के गहने, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर भाग गया। मामले की सूचना पाकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
ऊंचा गांव निवासी रमेश चंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 मई की रात परिवार घर में सो रहा था। सुबह करीब 5:30 बजे जब परिवार के सदस्य उठे, तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला। जांच करने पर पता चला कि घर में रखे गहने, नकदी और जरूरी कागजात गायब हैं। इसके बाद तुरंत डायल 112 पर सूचना दी गई। पीड़ित के अनुसार चोर घर से करीब 10 ग्राम का सोने का हार, दो जोड़ी सोने के कुंडल, सोने व चांदी की अंगूठियां, चार चांदी के सिक्के, पांच जोड़ी चांदी की पायल, दो जोड़ी चुटकी, दो जोड़ी भारी चांदी की पाजेब, बच्चों के कड़े और 10 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। इसके अलावा थ्री व्हीलर की आरसी, पैन कार्ड, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी चोरी हो गए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद