वारदात में प्रयुक्त गाड़ी, पिस्टल व कारतूस बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सेक्टर-12 मोड़ स्थित चंदीला फूड पर देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब कार सवार युवकों ने होटल कर्मचारी पर पिस्टल तानकर जान से मारने की कोशिश की। एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि उसके दो साथी भाग गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी, कार तथा हथियार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सेक्टर 3 निवासी आरोपी केशव शर्मा को अदालत में पेश कर 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। गांव चंदावली निवासी अभिषेक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सेक्टर-12 मोड़ स्थित चंदीला फूड पर नौकरी करता है। मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे वह अपने साथी अशोक और अन्य कर्मचारियों के साथ काम कर रहा था। इसी दौरान एक कार में तीन युवक होटल के बाहर पहुंचे और ऑर्डर देने के बहाने बुलाने लगे। पहले उन्होंने दूसरे कर्मचारी को बुलाया, लेकिन बाद में अभिषेक को गाली देकर अपने पास आने के लिए कहा।
अभिषेक के अनुसार जैसे ही वह कार के पास पहुंचा तो पीछे सीट पर बैठे युवक ने उतरते ही उसे थप्पड़ मार दिया। वहीं आगे बैठा युवक जिसे उसके साथी चैंता भाई कहकर बुला रहे थे। कार से उतरकर पिस्टल निकाल लाया और उसकी छाती पर तान दी। इस दौरान होटल कर्मचारियों ने आरोपी से हथियार छीन लिया। हाथापाई के दौरान दो आरोपी मौके से भाग गए लेकिन कार में बैठे एक युवक को कर्मचारियों ने पकड़ लिया। इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि केशव अपने दो अन्य साथियों के साथ खाना खाने के लिए होटल पर गया था, जहां उन्होंने होटल कर्मचारियों के साथ बदसलूकी की और उसके साथी रोहित ने पिस्टल निकालकर कर्मचारी पर फायर करने की कोशिश की। वारदात में प्रयुक्त कार केशव की है, गाड़ी को पुलिस ने बरामद कर लिया है।