फरीदाबाद (कैलाश गठवाल)। पोर्नोग्राफी विवाद में फंसे राज कुंद्रा की फिल्मों में शहर के युवा भी काम करते थे। हाल ही में कोलकाता व अन्य राज्यों की पुलिस फरीदाबाद से दो युवकों को पूछताछ के लिए ले गई है। युवक एडल्ट फिल्मों में काम करते थे। इस बात का पता उनके परिवार को भी अब लगा है। आरोपियों के साथ में रहने वाले अन्य युवक भी इस बात से काफी हैरान हैं।
कुछ सोशल मीडिया ग्रुप में आरोपियों की शॉर्ट फिल्म भी वायरल हुई है। युवकों के पकड़े जाने के बाद से उनके साथ जुड़े अन्य लड़के इन दिनों शहर से बाहर हैं। युवा कम समय में मोटी कमाई और अपने शौक पूरे करने के लिए इस दलदल में जा फंसे। इसके बाद वे इसका हिस्सा बन गए। युवकों के अलावा कुछ युवतियों पर भी शक की सुई घूम रही है। संवाद
हरियाणा पुलिस से रिटायर्ड इंस्पेक्टर का है बेटा
करीब चार दिन पहले कोलकाता पुलिस ओल्ड फरीदाबाद थाना इलाके से एक युवक को पूछताछ के लिए साथ ले गई है। युवक के पिता हरियाणा पुलिस से निरीक्षक पद से सेवानिवृत्त हैं। उनकी ज्यादातर नौकरी शहर में ही रही है। शहर के ट्रैफिक सहित कई थानों के प्रभारी भी रहे हैं। बेटे की करतूत से परिवार भी शर्मिंदा है। आरोपी ने जिन फिल्मों के लिए काम किया है। उनकी शूटिंग कोलकाता में हुई थी। इसके लिए उससे पूछताछ की जा रही है। दूसरा युवक शहर के ग्रेटर फरीदाबाद इलाके का रहने वाला है। इससे दूसरे राज्य की पुलिस पूछताछ कर रही है।
जिम और नाइट पार्टियों से हुई थी एंट्री
पकड़े गए युवकों के दोस्त इमरान ने बताया कि उनके साथ जिम में जाया करता था। दोनों मॉडल जैसे दिखाई देते थे। एक दिन जिम में ही उनकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई। उसने बताया कि वह महंगी और आलीशान पार्टियां अरेंज कराता है। इसके लिए उसे सुंदर और मजबूत कद काठी वाले युवक-युवतियों की जरूरत रहती है।
युवकों को लगा कि आलीशान पार्टी और ऊपर से कमाई भी। इससे बेहतर और क्या होगा। इसके बाद वे कई बार दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम के होटलों में पार्टी में गए। यहां उन्हें और लोग भी मिलते गए। उन्हें कुछ छोटे प्रोडक्ट के विज्ञापन के लिए मॉडलिंग के भी ऑफर मिले। मॉडलिंग के बहाने उनके फोटो लिए गए। उन्हें बताया गया कि उनके फोटो मुंबई के किसी फिल्म निर्माता को पसंद आ गए हैं। इसी दौरान इमरान की नौकरी गुरुग्राम के कॉल सेंटर में लग गई और मॉडलिंग के लिए नहीं गया।
महंगे गैजेट व कपड़ों का शौक
इमरान ने बताया कि उसका दोस्त जब भी मिलता था तो उसके पास नए मोबाइल, महंगी घड़ियां व कपड़े होते थे। उसने कई बार उसकी कमाई का राज पूछा। इस पर वह मॉडलिंग से आए हुए पैसे ही बताता था। इमरान के मुताबिक कई और युवक भी इसी तरह की मॉडलिंग व सस्ते एड के लिए शूट पर जाते थे। इसके लिए उन्हें पांच हजार रुपये शूट व होटल में खाना मिलता था। इमरान ने भी कई टीशर्ट, बॉडी बिल्डिंग प्रोडट्स के लिए फोटोशूट कराया था। उसे नहीं पता कि उसके दोस्त पोर्नो ग्राफी के दलदल में कैसे फंस गए। दोस्तों की गिरफ्तारी के बाद से अन्य युवक भी अब डरे हुए हैं। उसके ग्रुप से जुड़ी कई युवतियों ने अभी अपने फोन बंद कर रखे हैं।