नहीं हुई बारिश तेज धूप से बढ़ी उमस, शनिवार को हल्की बारिश की संभावना
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शुक्रवार को जिले के लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली। सुबह से ही तेज धूप निकली रही जिससे तापमान में इजाफा और उमस में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ा।
दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश के बाद उम्मीद थी कि शुक्रवार को भी बूंदाबांदी होगी, लेकिन आसमान साफ रहा और बादलों की जगह तेज धूप निकली। दोपहर के समय तेज धूप के कारण सड़कों पर आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि शनिवार को आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। शनिवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हवा की गति 10-12 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। हालांकि भारी बारिश की संभावना फिलहाल नहीं जताई गई है।