अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-3 से तिगांव और खाटू श्याम मंदिर की ओर जाने वाले व्यस्त मार्ग पर सड़क धंसने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। सरकारी स्कूल के नजदीक सड़क का एक हिस्सा अचानक बैठ जाने से गहरा गड्ढा बन गया है, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह सड़क क्षेत्र की प्रमुख संपर्क सड़कों में शामिल है और यहां दिनभर भारी आवाजाही रहती है। सड़क धंसने के बाद बने गहरे गड्ढे के नीचे बड़ी सीवर लाइन होने की बात सामने आ रही है। लोगों को आशंका है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो सड़क का और हिस्सा भी प्रभावित हो सकता है।
हादसे की संभावना को देखते हुए आसपास के निवासियों ने स्वयं आगे आकर गड्ढे के चारों ओर अस्थायी सुरक्षा व्यवस्था की है। लोगों ने चेतावनी के तौर पर आसपास अवरोधक लगाए हैं ताकि वाहन चालक और राहगीर सतर्क रह सकें। क्षेत्रवासियों का कहना है कि रात के समय स्थिति अधिक गंभीर हो जाती है, क्योंकि दूर से गड्ढा स्पष्ट दिखाई नहीं देता।
निवासियों का मानना है कि भूमिगत सीवर लाइन या जल निकासी व्यवस्था में किसी प्रकार की खराबी के कारण मिट्टी का कटाव हुआ होगा, जिससे सड़क का हिस्सा कमजोर होकर धंस गया। हालांकि वास्तविक कारण तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
स्थानीय लोगों ने फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) और जनप्रतिनिधियों से जल्द मौके का निरीक्षण कराकर सड़क की मरम्मत कराने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान करने की मांग की है।