नए साल में शुरू होगा काम, 20 हजार से अधिक लोगों को होगा फायदा
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। पृथला विधानसभा क्षेत्र के पांच गांवों को जोड़ने वाली सड़क को 4 करोड़ रुपये की लागत से दुरुस्त किया जाएगा। इन गांवों में रहने वाले करीब 20 हजार से अधिक लोगों को फायदा मिलेगा। इसको लेकर लोक निर्माण विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है।
पृथला विधानसभा क्षेत्र में आने वाली गांव छांयसा, मोहना, मलेरना, सागरपुर, शाहपुरा को जोड़ने वाली 12 किलोमीटर लंबी सड़क पिछले कई साल से जर्जर है। जिसके कारण वहां से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है। बारिश के दिनों में सड़क पर पानी भर जाता है। दुपहिया वाहनों को गड्ढे नजर नहीं आते हैं और वह सड़क हादसे का शिकार हो जाते हैं। इसको लेकर गांव वासियों द्वारा कई बार प्रशासन और लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखकर अवगत कराया गया।
लोगों का कहना है कि ग्रामीण इलाकों को जोड़ने वाली यह मुख्य सड़क है। वहीं लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रदीप संधू ने बताया कि सड़कों के निर्माण के लिए निविदा आमंत्रित की गई है। यह 12 किलोमीटर लंबी सड़क 4 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जाएगी। जिसका निर्माण कार्य फरवरी में शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद लोगों को जर्जर सड़क से छुटकारा मिल जाएगा।