अपराध शाखा टीम ने युवक को ढूंढा, स्वयं ही चला गया था घर से, रुपयों के लिए झूठा मैसेज भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ की भाटिया कॉलोनी का रहने वाला 22 साल का लक्की खुद ही घर से चला गया और पिता को कॉल कर कहा कि मेरा अपहरण हो गया है, 30 हजार रुपये देकर छुड़ा लो। एफआईआर दर्ज कर अपराध शाखा ने जांच करते हुए युवक को ढूंढ निकाला तो पता चला कि उसने ही रुपयों के लिए झूठी कहानी बनाकर पिता को मैसेज भेजा था।
बल्लभगढ़ सिटी थाने में ये एफआईआर 23 दिसंबर को दर्ज हुई थी। जिसमें भाटिया कॉलोनी निवासी बॉबी ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि उनका 22 साल का बेटा लक्की 17 दिसंबर को बाइक लेकर घर से बगैर कुछ बताए चला गया। कई दिन तक वो घर नहीं लौटा। 22 दिसंबर को युवक ने पिता को कॉल कर कहा कि मेरा अपहरण हो गया है, 30 हजार रुपये मुझे ट्रांसफर कर दो ताकि मैं आरोपियों को देकर घर वापस आ सकूं। अपहरण की कॉल आने पर पिता ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत पुलिस को दी थी। अपहरण के मामले में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने बल्लभगढ़ सेक्टर-2 से युवक को ढूंढ लिया। उससे पूछताछ में पता चला कि खुद ही घर से गया था। रुपयों के लिए उसने पिता को कॉल व व्हॉट्सएप मैसेज भेजकर अपहरण होने की झूठी कहानी बताई थी।