नगर निगम ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नगर निगम की ओर से सोमवार को नेहरू ग्राउंड में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क के बीच आ रही एक दुकान के हिस्से को जेसीबी की मदद से ढहा दिया गया। निगम की कार्रवाई के बाद सड़क चौड़ीकरण के काम में आ रही बाधा दूर हो गई है। नगर निगम के तोड़फोड़ विभाग के एसडीओ सुरेंद्र हुड्डा ने बताया कि चौड़ीकरण का काम करीब एक महीने में पूरा कर लिया जाएगा।
नगर निगम की ओर से नेहरू ग्राउंड क्षेत्र में यातायात को सुचारु करने के लिए सड़क चौड़ीकरण का काम कराया जा रहा है। इसके तहत पहले से चिह्नित स्थानों पर सड़क की सीमा में आने वाले अतिक्रमण और निर्माण हटाए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार सड़क के बीच दुकान का हिस्सा आने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। मार्ग संकरा होने के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनती थी। अभियान के दौरान निगम की टीम ने जेसीबी की मदद से दुकान के सड़क की सीमा में आ रहे हिस्से को हटा दिया। इसके बाद चौड़ीकरण के काम के लिए रास्ता साफ हो गया।