The miscreant came from an auto, robbed a woman in an ATM by showing a gun, in Sector-14 market, the crook executed the incident in a film style
फरीदाबाद। सेक्टर-14 स्थित मार्केट में किराए पर ऑटो लेकर आए बदमाश ने फिल्मी स्टाइल में एटीएम पर पहुंच कर महिला से पांच हजार रुपये लूट लिए। शोर मचाने पर जब लोगों ने उसका पीछा किया तो रोड पर जा रहे एक युवक को तमंचा दिखाकर उसकी बाइक लूट ली और रफूचक्कर हो गया। इस घटना के बाद से मार्केट में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित महिला और युवक से वारदात की जानकारी ली। पूछताछ के लिए पुलिस ने ऑटो चालक को भी हिरासत में लिया है। पुलिस का दावा है कि बदमाश की पहचान हो गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
थाना सेंट्रल क्षेत्र स्थित सेक्टर-14 मार्केट में काफी भीड़भाड़ रहती है। दोपहर करीब 1.30 बजे मार्केट स्थित इंडसइंड बैंक के एटीएम से पैसे निकालने के लिए एक महिला आई थी। महिला ने एटीएम से 5000 निकाले। इसी दौरान एक युवक किराए पर ऑटो लेकर पहुंचा। ऑटो से उतरकर युवक एटीएम कक्ष में घुस गया और महिला पर तमंचा तानते हुए पांच हजार रुपये लूट लिए। बदमाश जैसे ही एटीएम कक्ष से बाहर निकला महिला भी शोर मचाते हुए बाहर निकल गई। आसपास के दुकानदारों ने शोर सुनकर बदमाश का पीछा करना शुरू कर दिया। बदमाश ने जल्दी से रोड पर पहुंचकर एक बाइक सवार युवक को रोक लिया और तमंचा दिखाते हुए उसको धक्का देकर बाइक लूट कर भाग गया।
जब तक लोग कुछ समझ पाते बदमाश उनकी आंखों से ओझल हो गया। सूचना पर एसीपी सेंट्रल, थाना पुलिस समेत क्राइम ब्रांच की टीम पहुंच गई और घटना स्थल का निरीक्षण किया। जिस आटो में बैठकर बदमाश आया था पुलिस ने उसके चालक से भी पूछताछ की तो पता चला कि उसने बदमाश को सेक्टर-14 स्थित डीएवी स्कूल से बैठाया था। बदमाश के पास एक बैग था। जो वह ऑटो में ही छोड़कर भाग गया। पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि बदमाश के बारे में अहम जानकारी मिली है।