सीवर लाइन डालने के साथ ड्रेन और सड़क का किया जाएगा निर्माण
जलभराव के साथ जाम व गंदा पानी जमा होने की समस्या से मिलेगी राहत
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। फरीदाबाद नगर निगम ने बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। डबुआ चौक से दयानंद स्कूल मोड़ तक (जवाहर कॉलोनी, वार्ड-10, एनआईटी) सीवर लाइन, नाला और सड़क निर्माण का काम मंजूर किया है। इस कार्य को छह माह की अवधि में पूरा किया जाएगा।
निगम की ओर से जारी सूचना के अनुसार इस परियोजना में 450 एमएम की नई सीवर लाइन, दो फीट चौड़ा आरसीसी नाला और आरएमसी एम-40 ग्रेड सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इससे बरसात के मौसम में जलभराव और सीवर जाम जैसी समस्याओं से स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी। लंबे समय से यहां के निवासी गंदगी और टूटी सड़कों की वजह से परेशान है।
कई स्तरों पर मिलेगा लाभ
इस निर्माण कार्य के पूरा होने पर क्षेत्रवासियों को कई स्तरों पर लाभ मिलेगा। सबसे पहले बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या से छुटकारा मिलेगा। गली-मोहल्लों और मुख्य सड़क पर गंदे पानी के भराव से बचाव होगा। दूसरी ओर नई सीवर लाइन से गंदे पानी की निकासी सुचारु होगी और बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सकेगा।
बारिश के दिनों में नहीं होगी परेशानी
आरसीसी नाले के बनने से बरसाती पानी तुरंत बहकर निकल जाएगा और सड़कें लंबे समय तक सुरक्षित रहेंगी। साथ ही आरएमसी ग्रेड सड़क बनने से सड़क की मजबूती और टिकाऊपन बढ़ेगा। इसका सीधा लाभ वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को मिलेगा।
बदल जाएगी क्षेत्र की तस्वीर
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह काम समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा हो गया तो क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी। अभी तक यहां सीवर जाम, गड्ढों और जलभराव की वजह से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अब निगम की इस पहल से लोगों को बेहतर जीवन-स्तर की उम्मीद जगी है।
पीक आवर में लगता है जाम
इस मार्ग पर सुबह व शाम के समय यातायात का काफी दबाव रहता है। सड़क की हालत ठीक न होने व जलभराव के कारण यहां पर जाम की स्थिति बनी रहती है। लोगों का कहना है कि कुछ मिनट के रास्ते को पार करने में काफी समय लग जाता है अगर इस रोड की हालत सुधार दी जाएगी तो उन्हें काफी राहत होगी।
बीमारी व प्रदूषण से मिलेगी राहत
यह तीनों कार्य होने के बाद लोगों को जलभराव से छुटकारा मिलने के साथ बीमारी व प्रदूषण से भी काफी हद तक राहत मिलेगी। गंदा पानी काफी समय तक रुका रहने के कारण लोगों को मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बना रहता है वहीं जाम में फंसे वाहनों के कारण प्रदूषण भी बढ़ता है। इसपर भी अब काफी हद तक रोक लगेगी।
फरीदाबाद के विकास के लिए नगर निगम लगातार काम कर रहा है। आने वाले दिनों लोगों को इन परियोजनाओं का लाभ मिलना भी शुरू हो जाएगा - सतपाल कार्यकारी अभियंता नगर निगम