विद्यार्थियों के साथ यात्रियों को भी मिलेगी बेहतर सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गांव दुधोला स्थित श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए डिपो की ओर से एक ओर रोडवेज बस का संचालन शुरू कर दिया है। इस बस के शुरू होने से विद्यार्थियों के साथ यात्रियों को भी फायदा मिल रहा है।
बल्लभगढ़ बस डिपो से हर रोज करीब 160 बसें विभिन्न रूटों पर चलाई जाती हैं। उसमें से कुछ बसों को कॉलेज व स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए चलाया जाता है। डिपो की ओर से कुछ समय पहले गांव दुधोला स्थित श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के लिए एक रोडवेज बस का संचालन शुरू किया गया था। उस बस में सवारियों की संख्या ज्यादा होने की वजह से विद्यार्थियों को बस के अंदर खड़े होकर आना व जाना पड़ता था।
ड्यूटी इंचार्ज नरेंद्र राणा ने बताया कि उसी समस्या को देखते हुए डिपो की ओर से एक और रोडवेज बस का संचालन शुरू कर दिया है। पहली बस सुबह 7 बजे रवाना होती है। वहीं दूसरी बस सुबह 9 बजे डिपो से गांव दुधोला के लिए रवाना होती है। यह बस दोपहर को साढ़े 3 बजे वापस बल्लभगढ़ डिपो के लिए रवाना होती है। इस बस के शुरू होने से विद्याथिर्याें के साथ यात्रियों को भी फायदा मिल रहा है।
इन एरिया के लोगों को मिलेगा फायदा
यह बस बल्लभगढ़ बस डिपो से मंडी मोड़, जेसीबी चौक, सेक्टर 58 चौक, झाड़सेतली, ट्रांसपोर्ट नगर, जाजरू मोड़ ,खंदावली मोड़ ,सीकरी, बांकपुर मोड़, सॉफ्टा मॉड ,पृथला गांव, दुधोला मोड़, नगला भीकू मोड़, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होते हुए विश्वकर्मा विश्वविद्यालय दुधोला को जाती है। इस बस के चलने से इन गांव के लोगों को भी फायदा हो रहा है।