पृथला विधायक ने जांच और क्षेत्र की सड़कों के पुनर्निर्माण की उठाई मांग
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पृथला क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर बने फ्लाईओवर की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया ने हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में निर्माण कार्य की विजिलेंस जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सीकरी, पृथला और बघौला में बने सिक्स लेन फ्लाईओवर में गंभीर खामियां सामने आई हैं जिससे लोगों की सुरक्षा और आवागमन दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
सदन में मुद्दा उठाते हुए विधायक ने कहा कि बघौला फ्लाईओवर निर्माण के कुछ ही महीनों बाद क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि सीकरी फ्लाईओवर के नीचे सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं। इससे रोजाना गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने सरकार से इन फ्लाईओवर के निर्माण कार्य की विजिलेंस जांच कराने और जिम्मेदार एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। तेवतिया ने सरकार से मांग की कि जिन गांवों में भारी वाहनों की आवाजाही अधिक है वहां आरसीसी सड़कें और पक्की नालियां बनाई जाएं। विधायक ने पृथला हल्का के करीब 65 गांवों को जोड़ने वाली सड़कों के पुनर्निर्माण की मांग करते हुए कहा कि कई प्रमुख संपर्क मार्ग लंबे समय से खराब पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों, किसानों और उद्योगों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को पृथला क्षेत्र की सड़कों और फ्लाईओवर की स्थिति में सुधार के लिए जल्द ठोस कदम उठाने चाहिए।