कैप्शन: 3- पलवल बस अड्डा परिसर में जलभराव से डूबी पुलिस चौकी: संवाद
कैप्शन: 4- दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर पुलिस लाइन के सामने भरा पानी: संवाद
कैप्शन: 5- पलवल विश्रामगृह में भरा पानी : संवाद
कैप्शन: 6- ओमेक्स से पंचवटी रोड पर बारिश के कारण धंसी सड़क: संवाद
कैप्शन: 7- रसूलपुर रोड पर स्थित पुल के नीचे सड़क पर भरा पानी: संवाद
-
गर्मी की मार झेल रहे लोगों को मिली राहत, जलभराव से परेशानी
नालों व नालियों की सफाई न होना जलभराव का कारण
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। एक महीने से गर्मी की मार झेल रहे लोगों को बृहस्पतिवार की देर रात हुई मानसून की पहली बारिश ने राहत देने का काम किया। वहीं बारिश के कारण पूरा शहर जलमग्न हो गया। हर सड़क व गली में केवल पानी ही पानी दिखाई दिया। बारिश ने नगर परिषद के तमाम इंतजामों की पोल खोल कर रख दी। राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य सड़कों पर कई-कई फीट पानी भर गया। विश्रामगृह सहित कई सरकारी विभागों के कार्यालयों में भी पानी भर गया। जलभराव के कारण सुबह के समय शहर की गति थम सी गई। राजमार्ग पर धीमी गति से वाहनों के चलने के कारण एक बार तो जाम लग गया। इसके अलावा पुराना जीटी रोड पर भी जाम की समस्या रही।
करीब दो घंटे जमकर हुई बारिश से पूरा शहर जलमग्न हो गया। शहर के मुख्य मार्गों पलवल-मोहना रोड, सब्जी मंडी रोड, रेलवे रोड, माल गोदाम रोड, पुराना जीटी रोड, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सामने जलभराव हो गया। उसके अलावा कृष्णा कॉलोनी, शिव कॉलोनी, मोहन नगर, कैलाश नगर, प्रकाश विहार कॉलोनी, शमशाबाद, सल्लागढ़, लोहागढ़, कुसलीपुर, दया बस्ती, रामनगर, तुहीराम कॉलोनी, देवनगर में भी जलभराव हो गया। यहां तक कि राष्ट्रीय राजमार्ग भी जलभराव हो गया। जलभराव से सरकारी कार्यालय भी नहीं बच सके। बारिश के बाद पशु अस्पताल, पुराना कोर्ट परिसर, जिला नागरिक अस्पताल, विश्राम गृह में भी जलभराव हो गया। बस अड्डा परिसर में जलभराव काफी हो गया, वहां बनी हुई पुलिस चौकी डूब गई।
रेलवे लाइन पार बसीं काॅलोनियों में जलभराव
बरसात के कारण रेलवे लाइन पार बसीं काॅलोनियों में जलभराव होने से हालात बदतर हो गए हैं। वहां पहले ही पानी निकासी के इंतजाम नहीं हैं। अलीगढ़ रोड पर तथा आसपास बसी काॅलोनियों में पहले ही पानी भरा रहता है। अब बारिश के बाद वहां और ज्यादा पानी भर गया है। वहां रहने वाले लोगों का कहना है कि प्रशासन का इस तरफ ध्यान नहीं है। लोगों की माने तो शहर में स्थित नालों व नालियों की सफाई न होना जलभराव का मुख्य कारण है। लोग पिछले कई दिनों से प्रशासन व नगर परिषद अधिकारियों से मानसून से पहले ही सफाई की मांग कर रहे थे, लेकिन किसी का ध्यान नहीं है। लोगों का आरोप है कि प्रशासन केवल बैठक कर नालों की सफाई की बात करता है, लेकिन सफाई नहीं की जाती है।
कई जगहों पर सड़कें धंसीं
पहली ही बारिश में शहर के अंदर हाल ही में या कुछ महीने पहले बनाई गईं सड़कें भी धंसने लगी हैं, जिससे हादसों का खतरा भी बन गया है। पंचवटी रोड पर तो और भी बुरा हाल होने लगा है। इसके अलावा भी कई स्थानों पर सड़क धंसने से गड्ढे होने लगे हैं।
चेयरमैन डॉ. यशपाल का कहना है कि नालों की सफाई कराई जा रही है। उसके लिए तीन जेसीबी मशीन, ट्रैक्टर आदि लगे हुए हैं। कर्मचारी प्रतिदिन सफाई कर रहे हैं। जल्द से जल्द शहर के सभी नालों व नालियों की सफाई करा दी जाएगी, ताकि बारिश में पानी शहर के अंदर न रुके।