26 दिनों में 4799 कनेक्शन नियमित, सभी जोन में बल्लभगढ़ रहा सबसे आगे
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद ने जनवरी महीने में पानी और सीवर के अवैध कनेक्शनों के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाते हुए 26 दिनों में कुल 4799 कनेक्शन नियमित किए हैं। 5 जनवरी से 31 जनवरी तक चले विशेष नियमितीकरण कैंप में 2397 पानी और 2402 सीवर कनेक्शन वैध किए गए।
निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने इसे व्यवस्था सुधार की दिशा में अहम कदम बताया है। निगम आयुक्त खड़गटा के मुताबिक यह अभियान शहर के पांच प्रमुख जोन में चलाया गया। सबसे अधिक नियमितीकरण बल्लभगढ़ क्षेत्र में हुआ जहां 614 पानी और 614 सीवर कनेक्शन वैध किए गए। एनआईटी जोन-III में 779 पानी और 781 सीवर, ओल्ड जोन-II में 399 पानी और 400 सीवर, एनआईटी जोन-I व III में 341-341 और ओल्ड जोन-I में 264 पानी तथा 266 सीवर कनेक्शन नियमित किए गए।
अधिकारियों का कहना है कि इन इलाकों में पहले बड़ी संख्या में अवैध कनेक्शन चल रहे थे जिससे राजस्व नुकसान के साथ-साथ जल आपूर्ति और सीवरेज सिस्टम पर दबाव पड़ रहा था। कैंप के दौरान निगम की टीमों ने मौके पर जांच, दस्तावेजों की पुष्टि और त्वरित औपचारिकताएं पूरी की ताकि लोगों को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि जिन घरों और भवनों में अब भी अवैध पानी या सीवर कनेक्शन चल रहे हैं वे जल्द निगम कार्यालय से संपर्क कर नियमित करा लें। अधिकारियों ने साफ किया है कि भविष्य में पकड़े जाने पर जुर्माना और अन्य कार्रवाई हो सकती है। निगम का कहना है कि सरकार की नई जल और सीवर नीति के तहत नियमितीकरण की प्रक्रिया आसान बनाई गई है। कैंप में आवेदन से लेकर मंजूरी तक का काम एक ही जगह किया गया जिससे आम लोगों को राहत मिली।
विशेषज्ञों के अनुसार अवैध कनेक्शन नियमों के उल्लंघन के साथ इससे पानी का असमान वितरण होता है और सीवर लाइनें ओवरलोड हो जाती हैं। इससे बार-बार जाम, लीकेज और जलभराव जैसी समस्याएं बढ़ती हैं। निगम का मानना है कि जितने अधिक कनेक्शन वैध होंगे, उतनी बेहतर तरीके से जल प्रबंधन और सीवरेज रखरखाव किया जा सकेगा। जब निगम के पास कनेक्शन का सही डेटा होगा तो योजनाओं को उसी के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
नगर निगम प्रशासन ने संकेत दिया है कि यह अभियान जनवरी तक सीमित नहीं रहेगा। जरूरत पड़ने पर अलग-अलग इलाकों में फिर से कैंप लगाए जाएंगे। लक्ष्य यह है कि पूरे शहर में एक भी अवैध कनेक्शन न रहे और फरीदाबाद का जल और सीवर सिस्टम अधिक सुव्यवस्थित बने। फरीदाबाद जैसे तेजी से बढ़ते शहर में यह कदम व्यवस्था सुधार के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।