ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर-76 की सोसाइटी में निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
तिगांव। ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-76 स्थित पार्क इलीट फ़्लोर्स (वी-ब्लॉक) सोसाइटी में फ्लैटों की छतों और दीवारों से प्लास्टर गिरने का मामला सामने आया हैं। कई फ्लैटों में प्लास्टर उखड़कर नीचे गिर रहा है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
इस स्थिति को लेकर सोसाइटी में रहने वाले सैकड़ों परिवारों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह सोसाइटी ज्यादा पुरानी भी नहीं है, इसके बावजूद इस तरह की गंभीर निर्माण खामियां सामने आना बिल्डर की कार्यप्रणाली और निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है। कई जगहों पर छत से प्लास्टर के टुकड़े गिर चुके हैं, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को चोट लगने का खतरा बना हुआ है।
सोसाइटी के लोगों का आरोप है कि उन्होंने कई बार इस समस्या को लेकर बिल्डर और संबंधित एजेंसियों को अवगत कराया, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। अस्थायी मरम्मत के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है, जिससे समस्या और भी गंभीर होती जा रही है। सोसाइटी की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के अध्यक्ष अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पार्क इलीट फ़्लोर्स के हर फ्लोर से बिल्डर को नियमित रूप से मेंटेनेंस चार्ज दिया जाता है। इसके बावजूद बिल्डर द्वारा समय पर रखरखाव और मरम्मत नहीं कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि मेंटेनेंस शुल्क लेने के बाद भी यदि निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा रही है, तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि जल्द ही पूरे भवन की तकनीकी जांच कराकर जरूरी मरम्मत कार्य नहीं कराया गया, तो भविष्य में यह स्थिति किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने बिल्डर से मांग की है कि विशेषज्ञों की टीम से पूरे परिसर की स्ट्रक्चरल ऑडिट करवाई जाए और जहां-जहां प्लास्टर गिरने की समस्या है, वहां तत्काल गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराई जाए।