ज्यादातर लोगों को नहीं है रिलीफ सेंटर की जानकारी
सड़क किनारे बैठे हैं लोग, कई लोग सामान लेकर रिश्तेदारों के यहां जा रहे
लोगों ने कहा कि घर से बाहर निकालने के अलावा नहीं की जा रही कोई अन्य मदद
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिले के यमुना के पास स्थित इलाके में पानी भरने के कारण लोगों को घरों से बाहर निकाला जा रहा गया है। वहीं घरों से बाहर निकले लोगों का कहना है कि घरों से बाहर निकाला गया है लेकिन इसके अलावा अन्य कोई जानकारी नहीं दी गई है।
अमर उजाला की टीम जब बसंतपुर गांव पहुंची तो वहां घरों से बाहर निकलकर बैठे लोगों ने बताया कि घरों से बाहर निकाल दिया गया है लेकिन अन्य कोई जानकारी नहीं दी गई है। वहीं कुछ लोगों ने बताया कि हर साल बाढ़ जैसे हालात हो जाते हैं इसलिए अब वे समय से पहले ही अपना इंतजाम कर लेते हैं। इलाके के कई लोग अपने रिश्तेदारों के घरों में जा चुके हैं वहीं कुछ लोग प्रशासन के शिविर में पहुंच रहे हैं।
बसंतपुर प्राइमरी स्कूल में टीम पहुंची तो वहां पर केवल एक परिवार मिला। उन लोगों का कहना था कि किसी ने सूचना दी थी तो वे यहां पहुंच गए लेकिन यहां पर कोई इंतजाम नहीं है। वहीं कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि पास में मौजूद एक मैरिज गार्डन में प्रशासन की तरफ से लोगों के रुकने के इंतजाम है जब वहां पर अमर उजाला की टीम पहुंची तो उन लोगों का कहना था कि यहां ऐसा कुछ नहीं है।
दूसरी तरफ डीसी विक्रम सिंह की तरफ से भी लोगों से लगातार अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की जा रही है। प्रशासन की कहना है कि हेल्पलाइन नंबर पर बात करके लोग अपने इलाके से संबंधित जानकारी ले सकते हैं।