अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में लगातार बढ़ते तापमान ने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। इसी बीच जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को लू से बचाने के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है।
जिला आपदा एवं प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि गर्म हवाओं और बढ़ते तापमान के कारण बच्चों, बुजुर्गों, खिलाड़ियों, मजदूरों और बीमार व्यक्तियों पर सबसे ज्यादा खतरा है। उन्होंने कहा कि लू लगने के बाद इलाज कराने से बेहतर है कि पहले से सावधानी बरती जाए। प्रशासन ने लोगों से दोपहर 12 बजे से शाम 3 बजे के बीच बेवजह घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। जिला प्रशासन ने लोगों से हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनने, सिर ढककर बाहर निकलने और नियमित अंतराल पर पानी पीते रहने की अपील की है। ओआरएस, नींबू पानी, लस्सी और छाछ जैसे पेय पदार्थों के सेवन की सलाह दी गई है। बच्चों को बंद वाहनों में छोड़ने से बचने और खेतों या निर्माण स्थलों पर काम करने वालों को बीच-बीच में आराम करने को कहा गया है।
प्रशासन ने बुजुर्गों और अकेले रहने वाले लोगों की विशेष निगरानी रखने को भी कहा है। वहीं पालतू और अन्य जानवरों को भी छांव और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की अपील की गई है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी व्यक्ति में तेज सिरदर्द, घबराहट, सांस लेने में दिक्कत या बेहोशी जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।