संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सेक्टर-85 क्राइम ब्रांच पर महिला के ऊपर थर्ड डिग्री के प्रयोग किए जाने के आरोप की जांच अब उच्च अधिकारी करेंगे। इसको लेकर पुलिस आयुक्त तय करेंगे कि जांच एसीपी क्राइम या एसीपी सेंट्रल में से किस को दी जाए। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि महिला के आरोप सही हैं या निराधार।
सरोज वर्मा नाम की महिला सेक्टर-85 में एक निर्माणाधीन इमारत की चौकीदारी करती है और उसी में पति के साथ रहती भी है। वह आस-पास घरों में साफ सफाई का काम करती है। टीडीआई सोसाइटी निवासी अश्वनी सेठी के यहां सोमवार को चोरी हो गई थी। वह फ्लैट का ताला लगाकर वृंदावन गए थे। सरोज उनके यहां भी काम करती थी। मंगलवार शाम को क्राइम ब्रांच की टीम ने सरोज को पूछताछ के लिए उठा लिया।
सरोज का आरोप है कि उसे पुरुष पुलिसकर्मियों ने टार्चर किया। वहां केवल एक महिला पुलिसकर्मी मौजूद थी। इस संबंध में उसने बीपीटीपी थाना पुलिस को शिकायत दी है। बीपीटीपी थाना प्रभारी अरविंद का कहना है कि महिला की तरफ से शिकायत मिली है। अधिकारियों के आदेश अनुसार उसकी जांच की जाएगी। एसीपी सेंट्रल राजीव कुमार का कहना है कि पुलिस आयुक्त तय करेंगे कि जांच किस अधिकारी को सौंपी जाए। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।