दयालपुर गांव में मोहना रोड पर हुआ हादसा, राहगीरों को हुई परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी।
छांयसा। दयालपुर गांव में मोहना रोड पर बीती रात करीब 12 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक अचानक सड़क के डिवाइडर पर चढ़ गया, जिससे ट्रक में लदा कंटेनर बीच सड़क पर जा गिरा। कंटेनर गिरते ही सड़क पूरी तरह बाधित हो गई और दोनों ओर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। रात का समय होने के बावजूद मार्ग पर यातायात ठप होने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हादसे के प्रत्यक्षदर्शी मनीराम ने बताया कि रात करीब 12 बजे तेज आवाज सुनाई दी। जब वे घर से बाहर निकले तो देखा कि ट्रक डिवाइडर पर चढ़ा हुआ था और कंटेनर सड़क के बीचों-बीच गिरा पड़ा था। ट्रक चालक गाड़ी में ही फंसा हुआ था। आसपास के लोगों की मदद से चालक को किसी तरह बाहर निकाला गया और तुरंत दयालपुर अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बीके अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कंटेनर गिरने से न सिर्फ यातायात बाधित हुआ बल्कि सड़क किनारे बनी सरकारी नाली भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। नाली टूटने से आसपास पानी भरने की आशंका भी बढ़ गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कंटेनर को हटाने का प्रयास शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद यातायात को आंशिक रूप से सुचारु किया जा सका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहना रोड पर इस हिस्से में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है। अंधेरा होने की वजह से वाहन चालकों को डिवाइडर दिखाई नहीं देते और अक्सर ट्रक व अन्य भारी वाहन दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस मार्ग पर पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था कराई जाए और डिवाइडरों पर रिफ्लेक्टर लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।