साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने पकड़ा आरोपी
आरोपी को 2 दिन के रिमांड पर लेकर टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। अलमारी खरीदने के बहाने संपर्क कर पेमेंट करने की बजाय 56 हजार रुपये ठगने के मामले में सिम मुहैया कराने के आरोप में युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सोबिन राजस्थान के अलवर का रहने वाला है। इससे पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सोबिन ने ठगों को सिम कार्ड उपलब्ध करवाया था। आरोपी ने किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर फर्जी सिम कार्ड प्राप्त कर उसे अपने फोन में एक्टिवेट किया और बाद में उक्त सिम कार्ड ठगों को दे दिया।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को 2 दिन के रिमांड पर लेकर साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम पूछताछ कर रही है। ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत बसेलवा कॉलोनी के रहने वाले व्यक्ति ने दी थी। शिकायत में कहा गया कि वो अलमारी बेचने का काम करते हैं। 24 दिसंबर को उन्हें एक महिला ने कॉल कर अलमारी का रेट पूछा। महिला बोली कि अभी 9 हजार रुपये की पेमेंट कर रही हूं और बाकी रकम अलमारी लेने आने पर दे दूंगा। महिला ने 1 रुपया ट्रांसफर कर पूछा कि रुपये आए या नहीं। बाद में महिला ने 90 हजार रुपये की ट्रांजेक्शन का मैसेज भेजकर कहा कि गलती से 9 की जगह 90 हजार कर दिए हैं, आप 81 हजार रुपये वापस कर दो।
शिकायतकर्ता के अनुसार 31 हजार और 25 हजार की 2 ट्रांजेक्शन में उसने कुल 56 हजार रुपये महिला को यूपीआई से भेज दिए। तीसरी ट्रांजेक्शन करने लगा तो वो नहीं हुई। शिकायतकर्ता ने खाते का बैलेंस चेक किया तो पाया कि उसके खाते में रुपये ही नहीं बचे थे। तब समझ आया कि महिला ने जो ट्रांजेक्शन का मैसेज भेजा था वो फर्जी है और ठगी हो गई है। साइबर क्राइम थाना एनआईटी की टीम ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।