संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पानीपत में आयोजित टेनिस चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर शहर लौटे टेनिस खिलाड़ी अजय मलिक का सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में स्वागत किया गया। भारतीय वायु सेना के खिलाड़ी अजय मलिक ने इस प्रतियोगिता के डबल्स वर्ग में अपने साथी सार्थक के साथ मिलकर स्वर्ण पदक जीतकर शहर का नाम रोशन किया है।
फाइनल के कड़े मुकाबले में अजय और सार्थक की जोड़ी ने आदित्य मोर और ओम वर्मा को 7-5, 7-6(5) के अंतर से पराजित कर खिताबी जीत हासिल की। हालांकि सिंगल्स वर्ग में अजय ने क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया, लेकिन उनके खेल की सभी ने सराहना की।
अजय की इस सफलता पर उनके कोच संजय सिंगमार और भरत भारद्वाज ने गर्व जताते हुए कहा कि अजय एक अत्यंत मेहनती और अनुशासित खिलाड़ी हैं। वे प्रतिदिन कई घंटों तक मैदान पर कड़ा अभ्यास करते हैं, जिसका परिणाम आज पदक के रूप में सामने आया है। कोचों का विश्वास है कि अजय अपनी इसी लगन और प्रतिभा के दम पर आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर फरीदाबाद और देश का गौरव बढ़ाएंगे।
खेल परिसर पहुंचने पर खेल प्रेमियों और अन्य खिलाड़ियों ने फूल-मालाओं के साथ अजय का अभिनंदन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।