- मोहना रोड पर एलिवेटेड रोड का तेजी से चल रहा है निर्माण कार्य
- निर्माण के दौरान लोगों को जाम की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मोहना रोड पर एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। जिसकी वजह से लोगों को आने वाले समय में जाम की समस्या से जूझना ना पड़े उसके लिए लोक निर्माण विभाग और निजी कंपनी की ओर से अस्थाई तौर पर सड़क का निर्माण किया जा रहा है। जो कि ग्रीन बेल्ट पर बनाई जा रही है। फिलहाल एलिवेटेड रोड के निर्माणा की वजह से लोगों को जाम से दो-चार होना पड़ रहा है। सुबह व शाम के समय 100 मीटर के दायरे में लोगों को खासी दिक्कत हो रही है। इसको लेकर ग्रीन बेल्ट पर पत्थर और मिट्टी डालकर अस्थाई सड़क बनाने का काम शुरू हो चुका है।
बल्लभगढ़ में आगरा-मथुरा रोड से मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले एलिवेटेड रोड को बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। यह रोड करीब 214 करोड़ की लागत से बनाया जा रहा है। इस रोड के बनने के बाद लोगों को मोहना रोड पर लगने वाले जाम की समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा। करीब 2.1 किलोमीटर लंबा यह रोड मोहना रोड से होकर गुजरेगा। यह दशहरा मैदान से शुरू होकर मोहना रोड स्थित आदर्श नगर थाने के पास उतरेगा। इस एलिवेटेड रोड का काम केसीसी नामक कंपनी की ओर से शुरू कर दिया गया है। अभी कार्य यादव डेयरी के पास पिलर को बनाने के लिए शटरिंग का कार्य किया जा रहा है। शटरिंग का कार्य पूरा होने के बाद सीमेंट डालकर पिलर बनाए जाएंगे। यह एलिवेटेड रोड का पहला पिलर होगा। इसके अलावा निर्माण कार्य के दौरान लोगों को जाम की समस्या से ना जूझना पड़े उसके लिए ग्रीन बेल्ट पर अस्थाई तौर पर सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा है। जिसका लेकर पहले जेसीबी की मदद से सफाई करवाई गई उसके बाद उस पर पत्थर व मिट्टी डाल का सड़क का निर्माण किया जा रहा है। अभी यादव डेयरी के पास सड़क को बना दिया है। वहीं ऊंचा गांव के पास सड़क बनाने के लिए मिट्टी को डालने का कार्य शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रदीप संधु का कहना है कि बाहरी वाहनों के लिए रास्ता बंद कर दिया है ताकि लोगों को जाम की समस्या से जूझना न पड़े। इसके अलावा अस्थाई सड़क को बनाया जा रहा है जिससे वाहन आसानी से निकल पा रहे है।