फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने टेकचंद गैंग के एक गुर्गे को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव घुड़ासन निवासी निखिल के रूप में हुई है। क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव प्रभारी जगमिंदर सिंह की टीम ने आरोपी को मंझावली बस स्टैंड पकड़ा। तलाशी में उसके पास एक इटली मेड पिस्टल व पांच कारतूस बरामद किए गए थे।
आरोपी निखिल ने बताया कि उसने यह पिस्टल अपने साथी से 30 हजार रुपये में ली थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना तिगांव में अवैध हथियार अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया। क्राइम ब्रांच द्वारा की गई पूछताछ में सामने आया कि निखिल नोएडा के गैंगस्टर टेकचंद-डीलर गैंग का गुर्गा है। उसके पास उसके एक दोस्त के हथियार भी रखे हुए हैं। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक देसी पिस्टल, एक कट्टा व 6 कारतूस और बरामद किए गए।
उसके खिलाफ थाना तिगांव में साल 2017 में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर गांव अलीपुर निवासी दीपक को जान से मारने की कोशिश की थी। उक्त मामले में निखिल को 10 साल की सजा हो चुकी थी। 32 महीने की जेल काटने के बाद आरोपी करीब 7 महीने पहले जमानत पर आया था। पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया गया है। निखिल को हथियार देने वालों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।