पति के साथ स्कूटी पर सवार होकर स्कूल जा रही थीं
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सेक्टर-3 में बुधवार को स्कूल के पास सड़क पर बने ब्रेकर पर स्कूटी उछलने से पीछे बैठी शिक्षिका गिर गईं। हादसे में सिर में गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शिक्षिका अपने पति के साथ स्कूटी पर सवार होकर स्कूल जा रही थीं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
सेक्टर-3 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी मुकेश ठाकुर अपनी पत्नी प्रीति सिंह और दो बच्चों के साथ रहते हैं। मुकेश ठाकुर केंद्रीय मंत्री वीएल वर्मा के मीडिया सेल में कार्यरत हैं, जबकि उनकी पत्नी प्रीति सिंह सेक्टर-3 स्थित अग्रवाल स्कूल में शिक्षिका थीं।बुधवार सुबह मुकेश अपनी पत्नी को स्कूटी से स्कूल छोड़ने जा रहे थे। स्कूल के पास पहुंचने पर सड़क पर बने ब्रेकर से स्कूटी उछल गई। इससे पीछे बैठी प्रीति संतुलन खोकर सड़क पर गिर गईं। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई। मुकेश उन्हें तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।