सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में खेले गए अंडर 17 और 19 में महिला वर्ग के मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में सोमवार को खेले गए अंडर-17 और 19 के एथलेटिक्स, शॉटपुट, लंबी कूद और डिस्कस थ्रो के जिला स्तरीय मुकाबलों में कई बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में जगह बनाई। दौड़ के सबसे ज्यादा 6 मुकाबले आयोजित किए गए। इनमें 100, 200, 400, 800, 1500 और 3000 मीटर के मुकाबले शामिल रहे।
अंडर -19 की 100 मीटर दौड़ में दिल्ली पब्लिक स्कूल से भूवी ने पहला स्थान प्राप्त किया वहीं कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल से यशिका फोगाट दूसरे स्थान पर रहीं। 200 मीटर दौड़ में नीवा (डीपीएस 19) पहले स्थान पर रहीं जबकि दूसरे स्थान पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की भावना ने कब्जा किया। इसके अलावा 400 मीटर दौड़ में नीवा और भावना एक बार फिर से पहले और दूसरे स्थान पर रहीं। 800 मीटर प्रतियोगिता में हिमांशी (जीजीएसएसएस दयालपुर) पहले और यशिका फोगाट (कार्मेल कॉन्वेंट) दूसरे स्थान पर रहीं। वहींं 1500 मीटर की दौड़ में भी हिमांशी ने बाजी मारी जबकि उर्मिला पब्लिक स्कूल की श्रेष्ठा दूसरे पर रहीं।
अंडर-17 में 100 मीटर दौड़ में राशी (एमबीएल) पहले स्थान पर रहीं। दूसरा स्थान तान्या (एमवी स्कूल ) ने हासिल किया। 200 मीटर में वृष्टि तेवतिया (डीएवी) पहले स्थान पर रहीं वहीं दूसरे पर (जीएसएसएस) अंजली रहीं। वहीं 400 मीटर में वृष्टि तेवतिया (डीएवी) और कल्पना (नालंदा पब्लिक स्कूल) पहले और दूसरे पर रहीं । मुकाबलों के बाद चयनकर्ताओं और जिला खेल शिक्षा अधिकारी हरवीर सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आगामी मुकाबलों के लिए उनका हौसला बढ़ाया।