100 करोड़ रुपये से अधिक की टैक्स चोरी का अंदेशा
रेड की कार्रवाई पूरी होने के बाद सभी टीमों के रेकॉर्ड इकट्ठा कर तय होगा कितने की आयकर चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। आयकर चोरी को लेकर फरीदाबाद से बुधवार को शुरू हुई कार्रवाई आस-पास के अन्य जिलों तक भी पहुंची। विभाग के आधिकारिक सूत्रों की मानें तो लगभग 100 करोड़ रुपये से अधिक की टैक्स चोरी का अंदेशा है। इसी के आधार पर इतने बड़े स्तर पर देश के अलग-अलग राज्यों में तैनात टीमों को कार्रवाई के लिए शामिल किया गया है। हरियाणा भर में कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों के अलावा जम्मू एंड कश्मीर और मध्यप्रदेश से भी आयकर विभाग के कर्मचारी इस रेड में शामिल हुए।
आयकर विभाग के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार टैक्स बचाने के लिए इस पूरे सिंडिकेट ने अपनी रियल एस्टेट कंपनियों, स्कूलों, अन्य कंपनियों में रुपये घुमाए। बुधवार को रेड की कार्रवाई के दौरान आयकर विभाग के अधिकारियों ने फीस संग्रह, ट्रस्ट या सोसायटी से जुड़े खातों, दान राशि और अन्य वित्तीय लेन-देन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। टीमों ने इस सिंडिकेट से जुड़े लोगों के घर व ऑफिसों पर पहुंचकर बैंक खातों, स्टॉक और कर से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले। आय और व्यय के बीच अंतर, टैक्स रिटर्न में दर्शाई गई जानकारी और वास्तविक कारोबारी गतिविधियों का मिलान किया गया। टीमों ने महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल डेटा जब्त किए। इनकी भी आयकर कार्यालय ले जाकर जांच की जाएगी। टीमों ने कई घंटों तक रिकॉर्ड खंगालने के बाद संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए।
फिलहाल आयकर विभाग की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया। सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर प्राथमिक जांच की गई। इसमें तथ्य सामने आने पर बुधवार को बड़े स्तर पर रेड की कार्रवाई की गई। कुछ संस्थानों और कंपनियों की वित्तीय गतिविधियों में अनियमितताओं की आशंका जताई गई।