हर साल फरवरी के पहले पखवाड़े में फरीदाबाद स्थित सूरजकुंड में रंगों की बौछार, ढोल की थाप और जीवन का आनंद एक साथ मिल जाता है। अभी तक यह मेला साल में एक बार फरवरी महीने में लगाया जाता रहा है। इससे पहले भी मेले को साल में 2 बार लगाने पर चर्चा हुई थी, लेकिन कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई थी। यह मेला सूरजकुंड मेला प्राधिकरण और हरियाणा पर्यटन द्वारा केंद्रीय पर्यटन, कपड़ा, संस्कृति और विदेश मंत्रालयों के सहयोग से आयोजित किया जाता है। सरकार की इस घोषणा से यह स्पष्ट है कि मेले को और भव्य तरीके से आयोजित किया जाएगा।
सूरजकुंड मेले में आए थे 17 लाख पर्यटक
इस साल आयोजित सूरजकुंड मेले में 17 लाख पर्यटक पहुंचे थे। खास बात यह है कि इस बार पर्यटन विभाग ने सूरजकुंड मेले से करीब नौ करोड़ रुपये की कमाई की है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस मेले में जहां देश-विदेश से पर्यटक आए। वहीं, दुनियाभर में इस मेले से फरीदाबाद की पहचान हो रही है। इस मेले से देशभर के शिल्पकारों का शिल्प भी पूरी दुनिया में प्रसिद्ध हो रहा है।