पहली बार सूरजकुंड में लगेगा दीपावली मेला, तैयारियों में जुटा प्रबंधन
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नवंबर में लगने वाला सूरजकुंड दीपावली मेला देश की सांस्कृतिक समृद्धि का अहसास कराएगा। हस्तशिल्प और संस्कृति को समर्पित मेले में त्योहार के रंग बिखेरेंगे। हरियाणा पर्यटन निगम सूरजकुंड में पहली बार दिवाली मेले का आयोजन करने जा रहा है, जो सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले से अलग होगा।
हरियाणा पर्यटन निगम के अनुसार भारतीय संस्कृति, योग-ध्यान, गीत-संगीत और कला पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन होगा। दीपावली मेले में बच्चों के लिए अलग जोन बनाया जाएगा। जहां बच्चे घुड़सवारी व झूलों का लुत्फ उठा सकें। मेले के सभी प्रवेश द्वार दीयों की रोशनी से जगमगाएंगे। प्रदूषण मुक्त आतिशबाजी भी होगी। हरियाणा पर्यटन निगम के अनुसार मेले की तैयारी इस तरह की जाएगी कि आने वाले पर्यटकों को भी एक अलग तरह का अनुभव हो। निगम का कहना है कि यह पहली बार है जब दीपावली मेले का आयोजन हो रहा है। ऐसे में इसे भव्य तरीके से आयोजित किया जाएगा। दूसरी ओर मेला प्रबंधन इस बार सूरजकुंड मेला स्थल को री-डिजाइन कराने की तैैयारी कर रहा है। इसके लिए अलग-अलग कार्याें के टेंडर जारी किए गए हैं। अब मेले प्रबंधन एक नई चौपाल बनवाने जा रहा है। इसे दस हजार दर्शकों के लिए बनवाया जाएगा ताकि बड़े कार्यक्रमों के आयोजन में अव्यवस्था नहीं फैले। वहीं दो अन्य छोटे स्टेज भी बनेंगे। इसके अलावा स्टॉलों में बदलाव होगा और उनकी संख्या बढ़ेगी। अभी मेला स्थल के बीच में खाने-पानी के स्टाल लगते हैं। जबकि, दुकानों के स्टॉल इसके पीछे लगते हैंं। मेला प्रबंधन ने पाया कि इससे कई हस्तशिल्पकारों के कारोबार पर प्रभाव पड़ता है। ऐसे में अब मेला प्रबंधन मेला स्थल को री-डिजाइन करने जा रहा है।