परिजनों की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। डीएनडी एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर हुए दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक बाइक पर सवार होकर अपने घर आ रहा था। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय जसवंत सिंह जिला एटा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
मृतक के पिता पोप सिंह ने थाना आदर्श नगर में दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा जसवंत सिंह सेक्टर-69 स्थित भैवल सरफेस इंजीनियरिंग कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। वह सेक्टर-58 के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में किराये पर रहकर नौकरी करता था। शिकायत के अनुसार 30 अप्रैल की रात करीब 12 बजे जसवंत सिंह अपनी बाइक से कंपनी से घर लौट रहा था। इसी दौरान सेक्टर-65 जाट चौक के पास डीएनडी एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में जसवंत सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। सूचना मिलने पर थाना आदर्श नगर में तैनात पीएसआई शिव कुमार यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल युवक को तुरंत एनएचएआई एंबुलेंस की सहायता से बीके अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मृतक के चेहरे और गर्दन पर चोट के निशान थे। शव की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।