ठेकेदार और कंपनी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। ग्रीन फील्ड स्थित निर्माणाधीन सोसाइटी अर्बन ग्लोसम सोसाइटी में तीसरी मंजिल से गिरकर सुपरवाइजर की मौत हो गई। हादसे के दौरान सुपरवाइजर तीसरी मंजिल पर खड़े होकर लिफ्ट को सपोर्ट दे रहा था। पुलिस ने निर्माणाधीन सोसाइटी के ठेकेदार और कंपनी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव तिगांव निवासी सुमित अधाना ने बताया है कि उनका भाई दीपक ग्रीन फील्ड स्थित अर्बन ग्लोसम सोसाइटी में चल रहे निर्माण कार्य में मजूदरों की आपूर्ति करता था। इस दौरान तीसरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था। यहां निर्माणाधीन सामग्री को ढोने के लिए लगी लिफ्ट से सामान ले जाया जा रहा था। बृहस्पतिवार दोपहर दीपक निर्माणाधीन इमारत की तीसरी मंजिल पर श्रमिकों द्वारा उतारे जा रहे सामान और कार्य की देखरेख कर रहा था। सुमित ने बताया कि लिफ्ट नीचे से सामग्री लेकर ऊपर जाने लगी तो दूसरी मंजिल पर अटक गई। इस दौरान दीपक ने अटकी हुई लिफ्ट को आगे श्रमिकों के साथ चलाने का प्रयास किया। इस प्रयास में असंतुलित होकर वह भूतल पर नीचे पड़े ईंटों के ढेर पर आ गिरा। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने पर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।