स्कूलों में बनेगा योग क्लब, योग से संबंधित गतिविधियां भी होंगी आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को प्रत्येक महीने के पहले शनिवार को एक घंटा योग कराया जाएगा। जिससे विद्यार्थियों का बौद्धिक, मानसिक व शारीरिक विकास हो सके। वहीं, योग से संबंधित स्कूल, खंड और जिलास्तर पर गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
इसके लिए जिले के सभी राजकीय स्कूलों में योग क्लब खोलने के लिए राज्य शैक्षणिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद और शिक्षा निदेशालय की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी व मौलिक शिक्षा अधिकारी को दिशानिर्देश जारी कर दिया गया है। इसमें कहा गया है कि प्रत्येक महीने के पहले शनिवार को व्यायाम शिक्षक, संस्कृत शिक्षक एवं हिंदी शिक्षक योग शिक्षण एवं छात्र प्रशिक्षण की योजना तैयार करेंगे। स्कूल में एक घंटे तक योग संबंधित गतिविधियां आयोजित कराई जाएंगी। इसके लिए परियोजना निदेशक की ओर से छठी से आठवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए योग पुस्तकों का आवंटन भी किया जाएगा। मालूम हो कि सात जुलाई को हरियाणा योग आयोग के योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के प्रचार, प्रसार के दायित्व के लिए योग आयोग की बोर्ड बैठक में स्कूलों में योग क्लब खोलने का निर्णय लिया गया था। इसे ध्यान में रखते हुए योग क्लब शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
वर्जन
सरकार की ओर से योग को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं। इसी क्रम में इसे शुरू करने का निर्णय लिया गया है। -महेंद्र सिंह, बीईओ बल्लभगढ़