नई सोच नया शहर अभियान के अंतर्गत स्कूली बच्चों ने लोगों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नगर निगम के नई सोच, नया शहर अभियान के अंतर्गत सोमवार को सेक्टर-12 स्थित टाउन पार्क में स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के दिशा-निर्देशों पर आयोजित इस कार्यक्रम में बल्लभगढ़ सीकरी स्कूल के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पार्क परिसर में सफाई कर श्रमदान किया।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने पार्क में आने वाले नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस पहल में ग्रीन हैंड्स एनजीओ की संस्थापक तुलिका सुनेजा और नगर निगम की आईईसी एक्सपर्ट कल्पना मंडल का विशेष मार्गदर्शन रहा। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पार्क की सफाई की और कूड़े के उचित निस्तारण के महत्व को समझाया। इस अवसर पर बच्चों ने वहां मौजूद लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और प्लास्टिक का उपयोग न करने व कचरा केवल कूड़ेदान में डालने की अपील की। नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और शहर को स्वच्छ बनाने में जनभागीदारी बढ़ाना है। इस दौरान उपस्थित नागरिकों ने बच्चों के इस प्रयास की सराहना की और शहर को सुंदर बनाए रखने में सहयोग का आश्वासन दिया।