अचानक आ जाते हैं सामने, जाम की भी बनती है स्थिति, निवासियों ने जल्द समाधान की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-86 स्थित समर पाम सोसाइटी में लावारिस पशुओं और सड़क पर साइन बोर्ड की कमी के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या के चलते कई बार हादसे हो चुके हैं और भविष्य में बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय निवासी मोहित जैन ने बताया कि सड़क पर घूमने वाले लावारिस पशु अचानक वाहनों के सामने आ जाते हैं, जिससे चालक वाहन नियंत्रित नहीं कर पाते। कई बार इससे जाम की स्थिति भी बन जाती है। उन्होंने कहा कि पशुओं और वाहन चालकों दोनों को चोट लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इस समस्या को लेकर प्रशासन से कई बार शिकायत भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया।
वहीं, निवासी माधव ने बताया कि सड़क पर चेतावनी और दिशा सूचक साइन बोर्ड नहीं होने से वाहन चालकों को काफी दिक्कत होती है। खासकर रात के समय स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक संकेतक बोर्ड लगाए जाने चाहिए, ताकि लोग दुर्घटनाओं का शिकार न हों। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि लावारिस पशुओं को सड़क से हटाने के साथ ही आवश्यक साइन बोर्ड लगाए जाएं, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।