पलवल। सीईटी परीक्षा देने जा रही एक छात्रा की शनिवार को सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित फरीदाबाद के अनखीर गांव के रहने वाले हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 वर्षीय स्वेता अपने पिता महावीर के साथ बाइक से पलवल के परीक्षा केंद्र जा रही थी। इसी दौरान बघौला के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में घायल दोनों को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने स्वेता को मृत घोषित कर दिया। जबकि महावीर का उपचार चल रहा है। उधर राहगीरों ने कैंटर चालक बिहार निवासी आशीष को मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद