स्ट्रेचर और व्हीलचेयर पर आने वाले मरीजों को होती है सबसे ज्यादा परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी के बाहर जमीन को पक्का करने के लिए चल रहा निर्माण कार्य मरीजों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। कई दिनों से अधूरी पड़ी ईंटें, निर्माण सामग्री और उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्ट्रेचर और व्हीलचेयर पर आने वाले मरीजों को हो रही है, जिन्हें ओपीडी तक पहुंचाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
अस्पताल में रोजाना सैकड़ों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इनमें से ज्यादातर लोगों को अस्पताल की ओपीडी तक पहुंचने के वैकल्पिक रास्तों के बारे में नहीं पता होता, जिसकी वजह से वे मजबूर ओपीडी के गेट से आवागमन करते हैं। निर्माण कार्य के चलते गेट के सामने ही ईंटें और मलबा बिखरा पड़ा है। ऐसे में बुजुर्ग मरीजों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रोगियों को आने-जाने में कठिनाई हो रही है। कई मरीजों ने बताया कि अस्थायी रास्ते भी समतल नहीं हैं, जिससे गिरने का खतरा बना रहता है।
दवा वितरण केंद्र और विभिन्न जांच कक्षों तक पहुंचने वाले मरीजों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। कतार में खड़े लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है, जिससे अस्पताल परिसर में अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है।
व्हीलचेयर पर मेरी पत्नी को ओपीडी तक लाने में काफी दिक्कत हुई। रास्ते में कई जगह ईंटें बिखरी हुई हैं, जिससे व्हीलचेयर चलाना मुश्किल हो जाता है।-महेश कुमार, तीमारदार
दवा लेने के लिए लाइन में खड़ा होना पड़ा। निर्माण कार्य के कारण चलने में परेशानी हुई और धूल भी काफी उड़ रही है।-किरण देवी, मरीज
ओपीडी के बाहर मरीजों की सुविधा के लिए जमीन को पक्का करने का कार्य कराया जा रहा है। निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। कार्य के दौरान मरीजों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए संबंधित एजेंसी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।-डॉ. विकास गोयल, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी।