तेज हवा से ठिठुरन बढ़ी, पारा 7.8 डिग्री सेल्सियस
फरीदाबाद। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों में एक बार फिर ठिठुरन बढ़ गई है। 24 घंटे के अंदर न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि कई दिनों बाद अच्छी धूप निकलने पर लोगों ने पार्कों में बच्चों के साथ आनंद लिया। तेज हवा चलने की वजह से धूप में बैठने के बाद भी ठंड से राहत नहीं मिली।
रविवार को मौसम साफ रहा। हवा चलने के कारण स्मॉग का असर तो दिखाई नहीं दिया, लेकिन ठंड ने लोगों को खूब परेशान किया। हवा की रफ्तार 14 किलोमीटर प्रति घंटा रही। पिछले चार दिनों के दौरान ही जिले के न्यूनतम तापमान में छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। बृहस्पतिवार को फरीदाबाद का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री दर्ज किया गया था। उसके बाद शुक्रवार और शनिवार को न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम वैैज्ञानिक महेश पहलावत के अनुसार आगामी दिनों में मौसम साफ रहेगा। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से शीतलहर की सक्रियता बढ़ेगी। इससे न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है।