अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। राज्य में पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच हरियाणा सरकार ने स्थिति पूरी तरह सामान्य होने का दावा किया है। खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि घरेलू गैस की कोई किल्लत नहीं है और कालाबाजारी या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के बाद राज्य स्तर पर आपूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी प्रमुख तेल कंपनियों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और गैस की आपूर्ति नियमित रूप से जारी है। इसके चलते उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की कमी का सामना नहीं करना पड़ रहा।