फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: सूरजकुंड दिवाली मेले में स्टॉल बुकिंग की प्रक्रिया शुरू

विज्ञापन
विज्ञापन
एक स्टॉल की बुकिंग के लिए पांच हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं
विज्ञापन

23 से 26 अक्तूबर तक सजेगा मेला, 200 स्टॉलों पर मिलेंगे दिवाली से जुड़े उत्पाद, प्रवेश रहेगा निशुल्क

संवाद न्यूज एजेंसी

फरीदाबाद। सूरजकुंड में दिवाली मेले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मेले में अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और बिक्री करने के इच्छुक हस्तशिल्पियों, कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों के लिए हरियाणा पर्यटन विभाग ने स्टॉल बुकिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एक स्टॉल की बुकिंग के लिए पांच हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं।

इच्छुक लोग पर्यटन विभाग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने अपने सोशल मीडिया पेज पर क्यूआर कोड भी जारी किया है, जिसे स्कैन करके सीधे बुकिंग पोर्टल पर पहुंचा जा सकता है। हरियाणा पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित तीसरा सूरजकुंड दिवाली मेला 23 से 26 अक्तूबर तक चलेगा। इस बार मेले में करीब 200 स्टॉल लगाई जाएंगी। स्टॉल का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। आवेदन के दौरान हस्तशिल्पी अपनी पसंद की स्टॉल का चयन भी कर सकेंगे। मेले में हरियाणा के साथ राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के स्वयं सहायता समूहों को भी आमंत्रित किया गया है।
विज्ञापन


क्षेत्रीय उत्पादों और हस्तशिल्प को मिलेगा बाजार

मेले का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और पारंपरिक वस्तुओं को बढ़ावा देना है। यहां दिवाली से जुड़े सजावटी सामान, उपहार, कपड़े, मोमबत्तियां, चॉकलेट, झालर और बंदनवार सहित कई तरह के उत्पाद उपलब्ध होंगे। स्वयं सहायता समूहों को स्टॉल आवंटन में प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि उन्हें अपने उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर मंच मिल सके।

प्रवेश निशुल्क, पार्किंग के लिए देना होगा शुल्क

मेले में आने वाले लोगों से कोई प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा। हालांकि, वाहनों की पार्किंग के लिए शुल्क निर्धारित किया गया है। दोपहिया वाहन खड़ा करने के लिए 20 रुपये और बड़े वाहनों के लिए 50 रुपये देने होंगे। पर्यटकों की सुरक्षा और भीड़ पर नजर रखने के लिए मेला परिसर में 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। पार्किंग व्यवस्था के संचालन के लिए भी टेंडर जारी किया जा चुका है।
विज्ञापन


ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन

दिवाली मेले के नोडल अधिकारी हरविंदर सिंह यादव ने बताया कि स्टॉल बुकिंग के लिए ऑनलाइन व्यवस्था की गई है। इच्छुक आवेदक हरियाणा पर्यटन विभाग की वेबसाइट mela.haryanatourism.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। सोशल मीडिया पर जारी क्यूआर कोड के माध्यम से भी बुकिंग की जा सकती है। विभाग का प्रयास है कि हस्तशिल्पियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए पर्याप्त अवसर मिलें और दिवाली से पहले लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार के उत्पाद उपलब्ध हो सकें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें