सेक्टर-31 स्थित इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे के विकास कार्यों का किया निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि शहर में खेल अवसंरचना, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक सड़क नेटवर्क के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। इससे शहर की पहचान लगातार मजबूत हो रही है। शनिवार को उन्होंने सेक्टर-31 स्थित इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे का निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल और अधिकारी मौजूद रहे।
केंद्रीय मंत्री ने इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण करते हुए कहा कि शहर को खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। आधुनिक सुविधाओं से युक्त खेल परिसर युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने अधिकारियों को खेल सुविधाओं को और मजबूत करने तथा अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे का निरीक्षण किया और एक्सप्रेसवे के साथ विकसित की जा रही ग्रीन बेल्ट में व्यापक पौधरोपण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क और एक्सप्रेसवे परियोजनाओं ने शहर की कनेक्टिविटी को नई गति दी है। इससे औद्योगिक, व्यावसायिक और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है। कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, आश्रम-फरीदाबाद एलिवेटेड कॉरिडोर, कालिंदी कुंज मार्ग के उन्नयन तथा जेवर एयरपोर्ट से बेहतर संपर्क जैसी परियोजनाओं ने शहर को राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है।