अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर 21ए और 21डी की आंतरिक सड़कों पर रात के समय वाहन चालकों को सड़क की दिशा और मोड़ आसानी से दिखाई देंगे। नगर निगम ने वार्ड 17 के इन दोनों सेक्टरों की सड़कों पर रोड मार्किंग के साथ आधुनिक रिफ्लेक्टिव कैट आई और सोलर कैट आई लगाने की परियोजना शुरू की है। सोलर कैट आई दिन में सूर्य की रोशनी से चार्ज होंगे और रात में खुद रोशनी देंगे। इससे कम रोशनी वाले हिस्सों, मोड़ और सड़क किनारे वाहन चालकों को रास्ता स्पष्ट दिखाई देगा।
पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर सेक्टर 21ए और 21डी की चिन्हित आंतरिक सड़कों पर नई रोड मार्किंग भी की जाएगी। इसके साथ सड़कों पर रिफ्लेक्टिव कैट आई और सोलर स्टड लगाए जाएंगे। काम पूरा करने के लिए छह महीने की समय सीमा रखी गई है। नगर निगम के कार्यकारी अभियंता नितिन कादियान का कहना है कि इस परियोजना के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द जमीनी स्तर पर काम शुरू कर दिया जाएगा।