फरीदाबाद। ब्लैक फंगस का कोई नया मामला शनिवार को सामने नहीं आया। हालांकि अब तक ब्लैक फंगस से पीड़ित 15 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं जिले में कुल 99 मामलों की पुष्टि हुई है। जिनमें से 41 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। वहीं मौजूदा समय में 39 मरीज अलग-अलग अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में ब्लैक फंगस से मरने वाले मरीजों में आठ दूसरे जिलों से संबंधित हैं, जबकि सात स्थानीय हैं। जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक 19 से 31 मई तक ब्लैक फंगस पीड़ित आठ मरीजों की मौत हो गई। वहीं, इस माह के 12 दिनों में सात मरीजों की मौत हो गई। ऐसे में ब्लैक फंगस से मौत की दर 15 फीसदी तक पहुंच गई है। इस माह मृतकों की संख्या में इजाफे के कारण जिले में मरने वालों की संख्या दोगुनी हो गई है। एशियन अस्पताल में 16, ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज में 3, फोर्टिस अस्पताल में 6, मेट्रो अस्पताल में 2, सर्वोदय में 7, एसएसबी अस्पताल में 6 व क्यूआरजी अस्पताल में एक मरीज ब्लैक फंगस को मात दे चुके हैं।
इस समय ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज में सबसे अधिक 25 मरीज भर्ती हैं। एशियन में 3, मेट्रो व एसएसबी अस्पताल में एक-एक व सर्वोदय अस्पताल में 6 मरीजों का इलाज चल रहा है। फिलहाल जिले में 5 संदिग्ध मरीजों का इलाज भी जारी है। इसमें से चार संदिग्ध मरीजों का इलाज ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज व एक का उपचार क्यूआरजी अस्पताल में जारी है।
वर्जन-
ब्लैक फंगस पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। इसमें रोजाना रिपोर्ट ली जा रही है। संक्रमण के बाद होने वाली यह बीमारी घातक और जानलेवा है। हालांकि अब मामलों में काफी कमी आई है। प्रयास है कि मौजूदा मामले जल्द उपचार के बाद स्वस्थ होेंगे। - डॉ. रणदीप सिंह पुनिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी