संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नेशनल हाईवे पर मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली की ओर से फरीदाबाद आ रही आई कार में अचानक आग लग गई। हादसा बड़खल मेट्रो स्टेशन के पिलर नंबर 624 के पास हुआ। गनीमत रही कि इंजन से धुआं निकलते ही चालक ने समय रहते कार रोक दी और बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार कार हाईवे पर चल रही थी। इसी दौरान अचानक उसके इंजन से धुआं निकलने लगा। धुआं देखकर चालक घबरा गया और उसने तत्काल कार को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद वह सुरक्षित रूप से कार से बाहर निकल गया।इसकी सूचना लोगों ने फायर ब्रिगेड को दी। दमकल कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शुरुआती जांच में इंजन में तकनीकी खराबी के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।